इनेलो नेता ने सरेंडर किये 13 करोड़ रुपये
करनाल। इनेलो व्यापारी सेल के अध्यक्ष मदन मोहन चौधरी के प्रतिष्ठानों पर दो दिनों तक चली रेड के बाद इनेलो नेता ने आयकर विभाग के सामने 13 करोड़ रुपये सरेंडर किए हैं। हालांकि, आयकर विभाग की टीम प्रतिष्ठानों से मिले दस्तावेजों की जांच कर रही है। गौरतलब है कि इनेलो व्यापार सेल के अध्यक्ष मदन मोहन चौधरी के प्रतिष्ठानों पर आयकर विभाग की टीम ने एक साथ छापा मारा था। करीब 15 सदस्यीय टीम ने देर रात अचानक छापेमारी की थी और पूरा रिकार्ड कब्जे में ले लिया था। पोल्ट्री फीड का कारोबार करने वाले मदन मोहन चौधरी के तीनों प्रतिष्ठानों पर टीमों ने अलग-अलग जांच की। वहीं, शनिवार देर रात इनेलो नेता ने आयकर विभाग की टीम के सामने 13 करोड़ रुपये सरेंडर कर दिए। इसके अलावा, आयकर विभाग की टीमें अलग अलग स्थानों पर जांच कर रही हैं। आयकर विभाग के अधिकारी प्रवीण कुमार ने मामले की पुष्टि करते बताया कि कालाधान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।