संवाद न्यूज एजेंसी
इंद्री। भारत राइस एलाइंड इंडस्ट्रीज के अकाउंटेंट से एक व्यक्ति खुद को दशमेश इंटरप्राइजेज तरावड़ी फर्म का मालिक बताकर पीआर-14 चावल के 200 कट्टे ठग कर ले गया। जिनकी कीमत तीन लाख 14 हजार 100 रुपये बताई जा रही है। जब अकाउंटेंट अपने पैसे लेने पहुंचा तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। वहीं, उसकी तरावड़ी में न तो कोई फर्म निकली न ही दुकान। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।
गांव जोहड़ माजरा निवासी जगपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह इंद्री में भारत राइस एलाइंड इंडस्ट्रीज में अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत है। उसके पास तरावड़ी निवासी सतनाम सिंह आया और कहा कि वह दशमेश इंटरप्राइजेज तरावड़ी फर्म का मालिक है। उसने कहा कि वह अपनी भारत राइस एलाइंड इंडस्ट्रीज से 100 क्विंटल चावल लोड करवा दे और वह उसके खाते में पेमेंट डलवा देगा। जिसके बाद उसने 12 जुलाई को ड्राइवर सुरेश निवासी तरावड़ी के ट्रैक्टर पर पीआर-14 के 200 कट्टे रखवा कर, गोयल धर्म कांटा से वेट करवाकर ले गया। जिसकी कीमत करीब तीन लाख 14 हजार 100 रुपये बनती है। उसके बाद आरोपी खाते में पेमेंट आने का बहाना बनाकर टरकाता रहा। चार अगस्त को वह उसके घर गया तो पता चला कि उसकी तरावड़ी में कोई दुकान या फर्म नहीं है। घर पहुंचने पर उसने जान से मारने की धमकी दी और कहा कि वह उसके पैसे नहीं देगा। पुलिस ने अकाउंटेंट की शिकायत के आधार पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।