दिल्ली योग प्रांत-दो से 186 साधक साधिकाएं प्रांतीय प्रधान योगेश शर्मा, प्रांतीय मंत्री विनोद कुमार शर्मा व रवि मेहरा के नेतृत्व में कुरुक्षेत्र भ्रमण के लिए पहुंचे । श्री कृष्ण संग्रहालय व योगाश्रम मिर्जापुर में उनका स्थानीय कार्यकर्ताओं ने पुष्प वर्षा कर जोरदार स्वागत किया । सबसे पहले टीम ने श्री कृष्ण संग्रहालय में भगवान श्री कृष्ण के विभिन्न स्वरूपों व लीलाओं के दर्शन किए ।
कुरुक्षेत्र पैनोरमा में साधक साधिकाओं ने वहां दर्शाए गए विज्ञान के विभिन्न प्रोजेक्टों के बारे में जानकारी प्राप्त की और उनके व्यावहारिक प्रयोग बारे ज्ञान प्राप्त किया । दोपहर बाद कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय स्थित धरोहर संग्रहालय में संगृहित प्राचीन दुर्लभ हरियाणवी वस्तुओं में भी साधक साधिकाओं ने पूरी रुचि दिखाई । सायं कॉल में गीता की जन्मस्थली ज्योतिसर में वट वृक्ष के दर्शन तथा लाइट एंड साउंड शो देखा ।
प्रात: सामूहिक योगाभ्यास में भी इन साधक साधिकाओं के साथ स्थानीय योग जिलों के साधक साधिकाओं ने भी भाग लिया । मंत्री विनोद शर्मा द्वारा सूक्ष्म क्रियाओं, गहरे लंबे श्वास, ओम ध्वनि व गायत्री मंत्र उच्चारण के पश्चात ताड़ासन, त्रिकोणासन व गत्यात्मक पश्चिमोत्तानासन, अल्का बाठला ने वज्रासन, उष्ट्रासन, सिंह गर्जना, शिथिलासन, भुजंगासन व शलभासन, अनंत कुमार गुप्ता ने उत्तानपाद हस्तासन व पवनमुक्तासन, अभिषेक कुमार ने शवासन एवं हास्यासन करवाए । हरियाणा प्रांत के मंत्री मानसिंह ने अनुलोम विलोम व कपालभाति प्राणायाम करवाए । हरियाणा योग आयोग के सदस्य एवं संस्थान के पूर्व प्रांतीय संगठन मंत्री डॉ मनीष कुकरेजा ने मधुर बांसुरी वादन से सब को रिझाया । उन्होंने दिल्ली प्रांत प्रधान योगेश शर्मा को बच्चों को खेल-खेल में योग सिखाने के लिए बनाई गई सांप सीढ़ी का मॉडल भी भेंट किया । प्रधान योगेश शर्मा ने साधकों को साधना बढ़ाने के टिप्स दिए तथा अच्छे साधक के गुण बताए ।