पंडित दिन दयाल उपाध्याय यूनिवर्सिटी ऑॅफ हेल्थ साइंसेज कुटेलके नर्सिंग कालेज में इस बार नर्सिंग एमएससी भी हो सकेगी। इसके लिए प्रदेश सरकार ने 25 सीटें निर्धारित की हैं। इसके साथ ही कालेज में बीएससी नर्सिंग की सीटें 40 से बढ़ाकर 60 कर दी गई हैं। खास बात यह है कि करनाल का नर्सिंग कालेज प्रदेश का दूसरा सरकारी कालेज बन गया है, जिसमें नर्सिंग में पोस्ट ग्रेजुएट हो सकेगा। ऐसा होने से करनाल समेत आसपास की छात्राओं को काफी लाभ मिलेगा और इस कोर्स के लिए रोहतक या फिर चंडीगढ़ नहीं जाना पड़ेगा। कल्पना चावला मेडिकल कालेज के निदेशक और यूनिवर्सिटी के नोडल आफिसर डा. जगदीश दुरेजा और फाइनेंस कंट्रोलर ओमबीर राणा एवं नर्सिंग कालेज की प्रिंसिपल डाक्टर विद्या देशवाल ने सरकार के निर्णय की सराहना की है। उन्होंने कहा कि इससे मात्र सरकारी फीस पर हरियाणा के बच्चों को नर्सिंग की शिक्षा लेने का लाभ प्राप्त हो सकेगा।