अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार अल सुबह करीब ढाई बजे मालगाड़ी के चालक की लापरवाही के कारण पटरी से मालगाड़ी की बोगी उतर गई। जिस कारण बड़ा हादसा होने से टल गया। ऐसे में काफी दूर तक बोगी सड़क पर ही चलती रही। इस दौरान सुबह से दोपहर तक एडीआरएम राजीव भी करनाल व तरावड़ी रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करने आए हुए थे। जिस कारण रेलवे कर्मचारियों के हाथ पांव फूले हुए थे और करीब दस घंटे बाद वह डिब्बा पटरी पर चढ़ा। बता दें शुक्रवार अल सुबह करीब ढाई बजे खाद के कट्टे लेकर मालगाड़ी करनाल रेलवे स्टेशन पर पहुंची। गोदाम की तरफ चालक मालगाड़ी को बैक कर ला रहा था। पटरी पर बैरियल भी लगा हुआ था लेकिन फिर भी चालक मालगाड़ी को पीछे करता रहा और बैरियल तोड़ कर पिछली बोगी सड़क पर काफी दूर तक चली। इस बोगी में भी खाद के कट्टे लदे हुए थे। उन कट्टों को ले जाने वाले ट्रक चालक कई घंटों तक इंतजार करते रहे। पहले तो बोगी से आधे खाद के कट्टे उतारे गए और फिर जैक की सहायता से बोगी को पटरी पर चढ़ाया।