घरौंडा। बिजली निगम सिटी सब यूनिट के लाइनमैन के तबादले के विरोध में आल हरियाणा पावर को-ऑपरेशन यूनियन के बिजली कर्मियों ने कार्यालय परिसर में धरना प्रदर्शन किया। लाइनमैन के तबादले को बिजली कर्मियों ने दुर्भाग्यपूर्ण बताया। सोमवार को बिजली निगम सिटी सब डिविजन यूनिट में यूनिट उपप्रधान मोहन शर्मा की अध्यक्षता में बिजली कर्मियों ने लाइनमैन ओमपाल के तबादले पर धरना प्रदर्शन किया। जिसका संचालक सचिव मुकेश रोहिल्ला ने किया। यूनिट प्रधान कृष्ण अत्री और सर्कल सचिव सतपाल सैनी ने विशेष तौर पर शिरकत की और कहा कि एक तरफ तो सरकार बिजली चोरी रोकने को प्राथमिकता दे रही है। दूसरी तरफ निगम के निर्देशानुसार जब बिजली कर्मचारी बिजली चोरी पकड़ने जाते है तो हमारे जेई स्टाफ के साथ मारपीट की जाती है। जिसके लिए कोई सुरक्षा प्रबंध नही है। कर्मचारियों ने आरोप लगाया है कि ओमपाल लाइनमैन का तबादला बिजली चोरी पकड़ने के कारण यमुनानगर सर्कल में छछरौली करवा दिया गया है। ऐसे में बिजली कर्मचारी कैसे कार्य करें, यह एक मंथन का विषय है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक बिजली कर्मी कड़ी मेहनत से कार्य करता है। लेकिन उसके बावजूद भी उनकी दुर्दशा हो रही है। इस मौके पर जेई जसवंत, दिनेश शर्मा, रमेश कुमार, सतबीर जेई, शमशेर सिंह, सतनारायण जेई, राजेश कुमार, सुभाष, ओमपाल राणा, रामकुमार, देवी दत्त आदि मौजूद रहे।