गांव खिजराबाद के एक व्यक्ति के साथ 20 लाख की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। शिकायतकर्ता सतपाल सिंह वासी गांव खिजराबाद, असंध ने मुख्यमंत्री को दी शिकायत में बताया कि गांव बाहरी निवासी सतपाल ने उससे कहा कि उसका दोस्त एसबीआई गुरुग्राम में मैनेजर है। अगर वह उसे आज 20 लाख रुपये देगा तो सुबह उसे 25 लाख का एक्सिस बैंक का चेक मिल जाएगा। जिसे लगाकर वह 25 लाख रुपये प्राप्त कर सकता है। आरोपी ने इसके लिए 2 हजार व 500 के नोटों की फोटो भेजकर विश्वास दिलाया कि चंडीगढ़ के एक व्यक्ति को दो करोड़ रुपये मिले हैं। झांसे में आकर उसने आरोपी को 20 लाख रुपये असंध में दे दिए। आरोपी ने एक खाली बयान हल्फिया भी साइन करवा लिया। जब वह और आरोपी चेक लगाने असंध बैंक में गए तो कहा कि सोनीपत और हिसार में चेक दिए थे। हिसार में आदमी पकड़ा गया है। जिस कारण वह भी पकड़े जा सकते हैं। जब उसकी जमानत होगी तो उसके बाद चेक लगा लेंगे। जब उसने पकड़े जाने की एफआईआर मांगी तो वह भी नहीं दी। आरोपी ने ऐसे ही तीन चार माह टाल मटोल की। जब पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने धमकी दी कि जो उससे बैंक के चेक लिए हैं वह उन्हें भी बैंक में लगा देगा। जब वह अपने पैसे मांगने जाता है तो आरोपी जान से मारने की धमकी देता है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।