करनाल। इंद्री के गांव डबकोली खुर्द में गांव के ही करीब डेढ़ दर्जन लोगों ने किसान पर उस समय हमला कर दिया जब वह कंबाइन से गेहूं की फसल कटवा रहा था। इन आरोपियों ने कंबाइन को भी आग लगाने की कोशिश की। पुलिस ने किसान रूपसिंह की शिकायत पर 17 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। किसान रूप सिंह ने बताया कि आरोपी उसके पड़ोसी किसान की जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं। इसलिए वे जब भी उसके खेत में आते हैं तो वह फोन कर उसे इसकी जानकारी दे देता है। इसी की रंजिश के कारण आरोपी सरवन, जितेंद्र, सोनू, सोमपाल, दीपा, मनजीत, अक्षय, प्रवीन, महिपाल, कमल, खुजान, संजय, धर्मवीर, शीवा, रणधीर, मुकेश, कमलेश आदि ने गाली गलौज कर हथियारों से हमला कर दिया। साथ ही कंबाइन को भी आग लगाने की कोशिश की और कंबाइन में जो गेहूं थे वह भी अपने पास ही रख लिये हैं।