अतिथि अध्यापकों का धरना 46वें दिन भी जारी
अमर उजाला ब्यूरो
करनाल।
हरियाणा अतिथि अध्यापक संघ का जिला सचिवालय के सामने चल रहा धरना शनिवार को 46वें दिन में प्रवेश कर गया। इंद्री ब्लॉक प्रधान नरेश कुमार की अध्यक्षता में राजपाल, सुभाष चंद, राजेश कुमार व बाबूराम धरने पर बैठे। इस मौके पर प्रदेश प्रवक्ता धर्मवीर कौशिक ने कहा कि भाजपा सरकार अपनी जिद छोड़कर 12 वर्षों से कार्य कर रहे अतिथि अध्यापकों की सुध ले। चुनावी घोषणा पत्र, जिसे भाजपा संकल्प पत्र कहती है, के वादे अनुसार अतिथि अध्यापकों को नियमित करे। उन्होंने कहा कि शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा, जिन्होंने लिखित में वादा किया था कि भाजपा सरकार बनते ही पहली कलम से सभी अतिथि अध्यापकों को नियमित किया जाएगा। आज सरकार बने तीन साल से ज्यादा का समय हो गया है, लेकिन वादा पूरा नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अध्यापकों का शोषण किया है।