कपड़ा लेने के बहाने दो युवतियों ने चुराया दूसरी महिला का 12 रुपये से भरा पर्स, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। गुड मंडी स्थित कपड़ा मार्केट की एक दुकान पर दो युवतियों ने दुकान पर खरीददारी करने आई एक महिला का पर्स चोरी कर लिया और दुकान से निकल ली। जब खरीददारी करने आई महिला ने खुद खरीदे कपड़े के पैसे देने के लिए पर्स देखा तो वह गायब था। चोरी की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीड़ित महिला ने इसकी शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस ने दोनों युवतियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। रांवर निवासी संतोष ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके घर पर शादी है। वह शादी के लिए कपड़ा खरीदने के लिए गुड मंडी स्थित कपड़ा मार्केट में आए थे। जब शाम को वह गुड मंडी में एक दुकान कपड़ा ले रहे थे तो उन्होंने अपना पॉलिबैग बैंच पर रख दिया। इसी के ऊपर उन्होंने अपना पर्स पर रख दिया। इसी दौरान दुकान में दो युवतियां दुकान पर पहुंची और कपड़ा दिखाने की बात कही। इसी दौरान एक युवती ने दुकानदार का ध्यान कपड़ा दिखाने में लगा लिया। जबकि दूसरी महिला ने उनके पर्स पर अपनी चुन्नी डाल दी। बाद में चुन्नी के अंदर से ही युवती ने उनका पर्स उठा लिया और दुकान से चली गई। कपड़ा खरीदने के बाद उन्होंने जब दुकानदार को पैसे देने के लिए पर्स देखा तो वह वहां से गायब था। उन्होंने की इसकी सूचना अपने पति और दुकानदार को दी। बाद में सीसीटीवी फुटेज को खंगाला गया। फुटेज में साफ हो गया कि जिस महिला ने पर्स पर चुन्नी डाली थी, उसी ने पर्स उठाया है। पर्स में करीब 12 हजार रुपये थे। पीड़ितों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर तलाश शुरू कर दी है।