लाखों की नकदी और गहनों के चोरी केस में पुलिस के हाथ खाली
अमर उजाला ब्यूरो
असंध।
30 दिसंबर को शहर में दो घरों में हुई लाखों रुपये की नकदी और गहनों की चोरी केस में एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी पुलिस चोरों का सुराग नहीं लगा पाई है। इससे शहर के लोगों में रोष है। मामले में पीड़ित लोग शुक्रवार को एसपी जश्नदीप सिंह रंधावा से मिले थे। एसपी ने इसकी जांच सीआईए को सौंप दी है। बता दें कि 30 दिसंबर को चोरों ने व्यापारी सुखजीत गाबा के मकान का उस समय ताला तोड़ा, जब पूरा परिवार शहर में खरीदारी करने गया था। चोरों ने गाबा के मकान से करीब 13 तोले सोना और 42 हजार रुपये की नकदी चोरी करके फरार हो गए। उसी रात चोरों ने बैंक एजेंट अशोक कुमार बहडी के घर को निशाना बनाया था और 18 लाख की नकदी, जेवरात चुरा ले गए थे। चोरी की दोनों वारदातों को लेकर पुलिस एक सप्ताह से जांच कर रही। फिर भी अब तक पुलिस के हाथ खाली हैं। एसपी ने अब मामले की जांच सीआईए को सौंप दी है।