अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। टैगोर बाल निकेतन सीनियर सेेकेंडरी स्कूल में बच्चों को कॉमिक्स के माध्यम यातायात के नियम बताए गए। 9 से 12 साल तक के बच्चों को बताया गया कि साइकल चलाते समय, दोपहिया वाहन के पीछे बैठकर सवारी करते समय क्या सावधानियां बरतें। होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया की ओर से आयोजित कार्यक्रम में रोचक तरीकों से सुरक्षित राइडिंग की जानकारी दी गई। 13 से 17 साल के बच्चों व अध्यापकों के लिए सुरक्षित राइडिंग पर आधारित थ्योरी सेशन्स भी आयोजित किए गए। होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया के प्रभु नागराज ने कहा कि अब तक होंडा 15 शहरों के 17 स्कूलों में 28000 से अधिक छात्रों को शिक्षित कर चुकी है। हर महीने विभिन्न शहरों के 10 स्कूलों में 15000 बच्चों और व्यस्कों को सडक़ सुरक्षा पर शिक्षित करना इस अभियान का उद्देश्य है। प्रिंसिपल राजन लांबा ने प्रतिभागियों को सर्टिफिकेट प्रदान किए। उन्होंने बताया कि होंडा टू व्हीलर्स के 3 दिवसीय कार्यक्रम में सुरक्षा के नारे के तहत 2100 से अधिक बच्चों को सडक़ सुरक्षा के बारे में जागरूक किया गया।