अमर उजाला ब्यूरो
तरावड़ी (करनाल)। मिलावटी मिठाइयों के साथ-साथ मिलावटी दूध और दही बेचने वाले दुकानदारों पर शिकंजा कसते हुए जिला खाद्य एवं सुरक्षा अधिकारी ने डेयरियों पर छापा मारकर दूध व दही के सैंपल भरे। जैसे ही टीम तरावड़ी में पहुंची तो कई दुकान संचालकों ने अपनी दुकानों के शटर गिरा दिए और वहां से रफूचक्कर होते दिखाई दिए। जिला खाद्य एवं सुरक्षा अधिकारी श्यामलाल ने अपनी टीम के साथ वार्ड 11 स्थित गाबा डेयरी पर दूध और दही के सैंपल लिए। श्यामलाल ने बताया कि विभाग की ओर से यह रुटीन चेकिंग की गई है, जो समय-समय पर जारी रहेगी। सैंपल को जांच के लिए चंडीगढ़ भेजा जाएगा। कार्रवाई के दौरान जब डेयरी संचालक से लाइसेंस मांगा गया तो वह नहीं दिखा पाया। जिस पर जिला खाद्य एवं सुरक्षा अधिकारी श्यामलाल ने कहा कि एक महीने में लाइसेंस नही बनवाया तो सीधा चालान किया जाएगा।