किसानों को मंडी में कोई भी परेशानी हो तो, मुझसे बात करें : विधायक कल्याण
अमर उजाला ब्यूरो
घरौंडा। हैफेड के चेयरमैन और हलका विधायक हरविंद्र कल्याण नई अनाज मंडी में किसानों से रूबरू हुए। फसल की स्थिति के बारे में जानकारी हासिल की। विधायक कल्याण ने कहा कि मंडी में गेहूं लेकर आए किसानों को किसी प्रकार की परेशानी हो, तो वे सीधे उनसे बात कर सकते हैं। नई अनाज मंडी में किसानों को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं दी जाएगी। उन्होंने गेहूं खरीद एजेंसियों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसान अन्नदाता होता है। इसलिए किसानों की हर समस्या पर ध्यान दें और उनकी फसल तुरंत खरीदें। उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि वे भी फसल सुखाकर लाएं, ताकि मंडी में पहुंचते ही फसल खरीदी जा सके। विधायक हरविंद्र कल्याण ने अचानक मंडी का निरीक्षण किया। बाद में अधिकारियों के साथ मार्केट कमेटी कार्यालय में बैठक की। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में विभागीय अधिकारी गेहूं को गीला होने से बचाने के पूरे इंतजाम रखें। कल्याण ने कहा कि सरकार की तरफ से बारदाना और पेमेंट सही समय पर देने के आदेश हैं।