90 हजार रुपये के लिए किया था डबल मर्डर
अमर उजाला ब्यूरो
करनाल।
गांव सलारू के पास पांच जनवरी को दो फीट गहरे गड्ढे में दबे मिले शव के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। करीब 90 हजार रुपये को लेकर दरड़ के चार व्यक्तियों ने एक नहीं बल्कि दो हत्याएं की थी। हत्या के बाद आरोपियों ने चालक को जमीन में दबा दिया और परिचालक को नहर में फेंक दिया था। जानकारी मुताबिक मृतक की शिनाख्त सोनीपत जिले के खरखौदा निवासी राम मुकुट के रूप में हुई जो ट्रक ड्राइवर था। इसके साथ एक बल्लू नाम का एक क्लीनर भी था, जिसे आरोपियों ने नहर में फेंक दिया था। उसका शव सफीदों में एक नहर से बरामद किया गया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी दरड़ निवासी जयकुमार को गिरफ्तार किया है, जो छह दिन के पुलिस रिमांड पर है। रिमांड के दौरान ही आरोपी ने यह सारी घटना पुलिस को बताई। सदर थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि रिमांड पर चल रहे जयकुमार ने बताया कि उसकी दरड़ अड्डे पर मीट की दुकान है। 27 दिसंबर को ट्रक चालक राम मुकुट और क्लीनर बुल्लू उसकी दुुकान पर आए। उस समय उनके पास करीब 90 हजार रुपये थे। पैसे लूटने के लिए ही उसके साथी सोनी, अरज, दीप्ति ने मिलकर ट्रक ड्राइवर के हाथपांव बांध कर उसकी हत्या कर दी और क्लीनर बल्लू को माखुमाजरा के पास नहर में फेंक दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि क्लीनर का शव नहर से बरामद हो गया है। जिसका पोस्टमार्टम करा दिया है और अन्य तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए छापामारी की जा रही है।