मेडिकल कॉलेज की क्षमता 350 से बढ़कर होगी 500 बैड : निदेशक
अमर उजाला ब्यूरो
करनाल।
कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज के निदेशक डॉ. सुरेंद्र कश्यप ने बताया कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने मेडिकल कॉलेज में विशेष स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए हैं। इस कॉलेज पर हरियाणा सरकार द्वारा करीब 645 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। अब तक इस पर करीब 500 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं। कालेज के निर्माण का कार्य लगभग पूरा हो चुका है तथा इसमें उपयोग होने वाले आधुनिक तकनीक के उपकरणों को भी स्थापित किया जा रहा है। डॉ. सुरेंद्र ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में प्रतिदिन लगभग 2 से 3 हजार तक ओपीडी हो रही है। मेडिकल कॉलेज में 350 बैड है और भविष्य में इसकी क्षमता 500 बैड की हो जाएगी। मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया द्वारा कालेज में एमबीबीएस की प्रथम वर्ष की 100 सीटों की अनुमति मिली है और यहां कक्षाएं आरंभ हो गई है। मेडिकल कॉलेज में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए महात्मा गांधी चौक से अस्पताल चौक तक सड़क को चौड़ा करने का कार्य प्रगति पर है, जिस पर करीब 6 करोड़ 4 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त महाराजा अग्रसेन चौक से महात्मा गांधी चौक तक भी सड़क को चौड़ा किया जाएगा।