हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की लिखित परीक्षा आज
करनाल।
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा 19 नवम्बर को सुपरवाइजर (महिला) महिला एंव बाल विकास विभाग की लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस संदर्भ में शनिवार को स्थानीय लघु सचिवालय के सभागार में परीक्षा केन्द्रों के लिए नियुक्त किये गए अधिकारियों, कर्मचारियों व अधीक्षकों बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता आयोग के सदस्य देवेंद्र सिंह ने की। इस मौके पर उन्होंने उपस्थित केंद्र अधीक्षकों ,फ्लाईंग स्क्वायड अधिकारियों व परीक्षा से जुड़े अन्य कर्मचारियों को निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा को नकल रहित व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाएं, इस विषय में किसी भी प्रकार की कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए। इस मौके पर परीक्षा के जिला नोडल अधिकारी एवं जिला परिषद के सीईओ एस.आर बाजवा ने बताया कि परीक्षा से संबंधित सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। उन्होंने बताया कि परीक्षा से संबंधित धारा 144 लगा दी गई है। परीक्षा के लिए 51 केंद्र बनाये गए हैं। परीक्षा सुबह 10 बजकर 30 मिनट से दोपहर 12 बजे तक तथा दोपहर बाद 3 बजे से सायं 4 बजकर 30 मिनट तक, दो सत्र में होगी। उन्होंने बताया कि परीक्षा के लिए 13 फ्लाइंग स्क्वॉड ऑफिसर लगाए गए है तथा 4 अधिकारियों की रिजर्व ड्यूटी लगाई गई है। इस मौके पर जिला राजस्व अधिकारी राजबीर धीमान तथा हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।