इंद्री। इंद्री के गांव गढ़ी जाटान के रहने वाले 39 वर्षीय सतीश कुमार ने सोमवार को पीजीआई चंडीगढ़ में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सतीश कुमार का बीती 10 मई को एक्सीडेंट हो गया था। पुलिस ने सतीश के चचेरे भाई अनिल कुमार की शिकायत पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई शिकायत में अनिल कुमार ने बताया है कि बीती 10 मई की रात को वह अपनी दुकान बंद कर अपने चचेरे भाई सतीश के साथ अपने गांव गढ़ी जाटान वापस जा रहा था। जैसे ही हम दोनों गांव बुढ़ेड़ी के पास पहुंचे तो पीछे से आ रही एक कार ने सतीश को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही सतीश मोटरसाइकिल से नीचे गिर पड़ा और उसके शरीर से खून बहने लगा। सतीश की हालत को नाजुक देखते हुए उसे इंद्री सरकारी अस्पताल ले जाया गया जहां से उसे कल्पना चावला रेफर कर दिया गया। हालत गंभीर होने के कारण कल्पना चावला के डॉक्टरों द्वारा बाद में उसे चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया गया। हालत नाजुक होने के कारण सोमवार की सुबह सतीश कुमार ने पीजीआई में दम तोड़ दिया। इस मामले में जांच अधिकारी गुरजीत सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों के हवाले कर मामले में आगामी कार्रवाई की जाएगी।