अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। रोडवेज कर्मचारियों ने सोमवार को ज्वाइंट एक्शन कमेटी के आह्वान पर बस स्टैंड परिसर में सरकार की वादाखिलाफी, तानाशाही, लाठीचार्ज व एस्मा के खिलाफ काले बिल्ले लगाकर व काले झंडे हाथों में लेकर भारी संख्या में दो घंटे तक विरोध-प्रदर्शन किया। सभी कर्मचारी काला दिवस मनाते हुए प्रात: 9 बजे से प्रात :11:00 बजे तक धरने पर बैठे रहे और सरकार व प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बस स्टैंड पर कर्मचारियों ने धरने में हिस्सा लेते हुए प्रदर्शन को सफल बनाया। इस अवसर पर हरियाणा रोडवेज संयुक्त कर्मचारी संघ के प्रधान कृपाल सिंह, हरियाणा रोडवेज इंटक कर्मचारी संघ के प्रधान वीरेंद्र सिंह, हरियाणा रोडवेज महासंघ के प्रधान काला सिंह एवं हरियाणा रोडवेज यूंटी वर्कर यूनियन के प्रधान सुखविंद्र सिंह ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार अपने हथकंडों से बाज नहीं आई तो ज्वाईंट एक्शन कमेटी 720 निजी परमिट के खिलाफ व कर्मचारियों पर गिरफ्तारी केस बनाने के विरोध में एस्मा लगाना, कर्मचारियों को सस्पेंड करने के विरोध में एक बड़े आंदोलन की घोषणा की जाएगी। कर्मचारियों ने चेताया कि यदि सरकार इन निजी बसों को जिस दिन भी बस स्टैंड पर लेकर आएगी, उसी समय रोडवेज का चक्का जाम किया जाएगा। कर्मचारियों के हित में व बेरोजगार युवेों को रोजगार देने के हित में जनता ने भी रोडवेज कर्मचारियों का साथ देने का वायदा किया है। प्रदर्शन में कमल मान, हरीश, रामसिंह, सुरेश, सुभाष मान, कैशियर सुरेश, कर्मचारी हरि राम, बलजीत सिंह, सप्पटर, कुलजीत सिंह व रामनिवास सहित सैंकड़ों कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।