अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय के सामने विभिन्न मांगों को लेकर बैठे दिव्यांगों का गुस्सा धरने के 36वें दिन फूट पड़ा और उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गांधी चौक पर जाकर सीएम का पुतला फूंका। दिव्यांगों ने कहा कि सरकार ने केवल हमसे वादे किए आज तक निभाए नहीं, जिससे प्रदेश के दिव्यांगों में रोष है। उनका आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक सरकार उनकी मांगें पूरी नहीं कर देती। धरने की अध्यक्षता कर रहे तिलक राज भौरिया कहा कि हमें अपने धरने पर बैठे हुए 36 दिन हो गए, लेकिन सरकार का कोई भी नुमाइंदा दिव्यांगों की समस्या सुनने के लिए नहीं आया। प्रदेश प्रधान चरण सिंह संधु गगसीना ने कहा कि सरकार अगर जल्द ही हमारी मांगें पूरा नहीं करती तो प्रदेशभर के दिव्यांग एकत्रित होकर आंदोलन करने को मजबूर हो जाएंगे। प्रधान कल्याण सिंह उपाध्याय ने कहा कि सरकार बनने से पहले सीएम ने दिव्यांगों से वादे किए थे कि सरकार के बनने पर दिव्यांगों की हर समस्याओं पर ध्यान दिया जाएगा लेकिन सरकार को बने 4 साल होने को हैं आज तक हमारी एक भी मांग पूरी नहीं की गई। इस मौके पर राजीव शर्मा, विजय खोखर, गुलशन, सुरेंद्र, मनोज, प्रेम परूथी, सतीश कुमार, बंता राम, राजीव शर्मा, तरसेम कुमार, अजय, महावीर, सोहन लाल, तिलक राज, रामपाल, संयज कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।