अज्ञात शव मिला, ठंड से मौत की आशंका
अमर उजाला ब्यूरो
घरौंडा। (करनाल)
शहर की वाल्मीकि बस्ती से अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भिजवा दिया है। आशंका है कि व्यक्ति की मौत ठंड से हुई है। जानकारी मुताबिक मंगलवार सुबह पुलिस को वाल्मीकि बस्ती में शव होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही जांच अधिकारी बलवान सिंह मौके पर पहुंचें। पुलिस ने मृतक की तलाशी ली तो एक तंबाकू की पुड़िया मिली। कोई पहचान पत्र न मिल पाने के कारण मृतक की शिनाख्त नही हो पाई। पुलिस ने आसपड़ोस के लोगों से मृतक के बारे में पूछताछ की, लेकिन मृतक के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई। पुलिस ने बताया कि शव को मोर्चरी हाउस करनाल भिजवा दिया है। पुलिस जांच अधिकारी बलवान सिंह ने बताया कि वाल्मीकि मोहल्ले में शव मिला है। आशंका है कि व्यक्ति की मौत ठंड से हुई है। शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है, जांच की जा रही है।