प्रदेश में नशे पर रोक लगाने के लिए एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
असंध।
प्रदेश में नशे पर रोक की मांग को लेकर हैल्पिंग हैंड फाउंडेशन और क्षेत्र की कई प्रमुख संस्थाओं ने एसडीएम को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। इससे पहले हैल्पिंग हैंड फाउंडेशन की चेयरपर्सन रीना चौधरी ने कहा कि एक आदर्श, स्वच्छ और मजबूत समाज के लिये पहला कदम नशे से मुक्ति ही है। राज्य में बहुत कड़े कानून होने के बावजूद भी हमारी छोटी-छोटी बेटियों को दरिंदों द्वारा हवस का शिकार बनाया जा रहा है, ज्यादातर ऐसे घृणित अपराधों में नशे का होना पाया गया है। हालात इतने बदतर हैं कि पिता व रिश्तेदार तक नशे में धुत हो कर न सुनने योग्य अपराधों को अंजाम दे रहे हैं। वहीं आर्य समाज के एवं जिला वेद प्रचार मंडल करनाल के प्रधान सुभाष आर्य ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में मौतों का सबसे बड़ा कारण नशा पाया गया है। इस दौरान सचिव ईश्वर दत्त ने बताया कि हरियाणा नशा मुक्ति अभियान के प्रथम चरण में ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री महोदय से राज्य में संपूर्ण शराबबंदी की अपील की जाएगी। शराबबंदी के बाद ही अवैध शराबखोरों और अन्य नशों के उन्मूलन के लिये जोरदार अभियान चलाया जाएगा। इस मौके पर करतार सिंह मलिक, जेसी गगनदीप, वंदना नागपाल, बेबी दनोली, यशबीर मान घोगड़ीपुर, अनिल पांचाल, सुरजीत सिंह, दीपक वत्स, ऋषि दुपेड़ी, परविंदर पाहवा, कृष्ण चोरकारसा, सुनील बंसल, बिटू पाहवा, सुरजीत, रोहित ठुकराल आदि उपस्थित रहे।