अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। बल्ला गांव स्थित दानवीर राजा बली गोशाला में गोशाला सदस्य के गुप्त अंग पर चोट मारकर जान से मारने का प्रयास करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने गोशाला सदस्य की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। बल्ला निवासी जसवंत ने बताया कि कमेटी वालों ने गोशाला से ट्रैक्टर बेच दिया था तो मैंने उसकी गांव में आवाज उठा दी थी तो कप्तान, अजमेर, दर्शन, सोमबीर प्रधान रंजिश रखने लगे और कहते थे की तू यहां आना छोड़ दे। हर रोज की तरह वह गोशाला में गया और आटा पीसने वाली चक्की चलाई। वहां पर प्रेम व अमित उर्फ मीता व दर्शन आए। अमित कहने लगा कि गांव में कहते है कि गोशाला कि तूड़ी बेच दी तो मैने कहा कि तूड़ी तो तुमने बेची है। इतना सुनते ही उन्होंने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। अमित सहित अन्य ने उसके गुप्त अंग पर लात मारी और लाठी की खोद भी मारी। आसपास के लोगों ने उसे बचाया। अब उसका इलाज करनाल के प्राइवेट अस्पताल में चल रहा है।