अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। काछवा गांव स्थित नहर के पास संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए युवक के कपड़े व जूते मिले है। परिजन गोताखोरों की मदद ने नहर में युवक की तलाश कर रहे हैं। युवक के कपड़े जूते मिलने पर परिजन हत्या की आशंका जता रहे है। परिजनों का आरोप है कि वह कई घंटे तक मौके पर पुलिस का इंतजार करते रहे, लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। पुलिस का कहना है कि उनके पास गुमशुदगी का मामला दर्ज करवाया गया है। मामले की जांच की जा रही है। गांव बड़ा गांव निवासी देवी दयाल वर्मा ने बताया कि वह मूल रूप कुंजपुरा के रहने वाले है। करीब 15 साल पहले नहर में डूबने से उसके भाई बालकिशन की मौत हो गई थी। उसकी तीन लड़कियां और एक लड़का है। पिता की मौत के बाद उसकी भाभी निर्मला व भतीजा उत्तम प्रकाश वर्मा (21) गांव काछवा में रह रहे है। उत्तम प्रकाश एमबीए की पढ़ाई कर रहा था। वह शुक्रवार को घर से करीब 4 बजे निकला था, लेकिन देर रात तक भी वह घर नहीं लौटा। शनिवार को उसके कपड़े व जूते काछवा गांव के समीप नहर किनारे मिले। उन्हें शक है कि उसकी हत्या की गई है। परिजन गोताखोरों की मदद से नहर में युवक की खोजबीन कर रहे हैं। फिलहाल युवक का कोई सुराग नहीं लग सका। पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।