अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। शहीद भगत सिंह ब्रिगेड के कार्यकर्ताओं ने शहीद भगत सिंह का जन्मदिन बड़े धूमधाम से मनाया। शहीद भगत सिंह ब्रिगेड के जिला प्रभारी बबलू संधू अपने सैकड़ों साथियों के साथ कर्ण पार्क में शहीद भगत सिंह स्मारक पर शहीद भगत सिंह जिंदाबाद, शहीद भगत सिंह अमर रहे के नारे लगाते हुए पहुंचे। युवाओं में शहीद भगत सिंह के प्रति भारी जोश था। युवाओं ने वहां पहुंचकर शहीद भगत सिंह स्मारक की साफ-सफाई की और भगत सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। उन्होंने कर्ण पार्क, क्लब मार्केट व आसपास लड्डू बांट कर शहीद भगत सिंह का जन्मोत्सव मनाया। जिला प्रभारी बबलू संधू ने बताया कि शहीद भगत सिंह ब्रिगेड लगातार पिछले कई वर्षों से मांग करती आ रही है कि आजादी की लड़ाई में शहीद हुए शहीदों को शहीद का दर्जा दिया जाए और शहीद भगत सिंह की जयंती राष्ट्रीय स्तर पर मनाया जाए। इससे युवा वर्ग देशभक्ति की भावना से ओत प्रोत होगा। साथ ही उन्होंने सरकार से बार-बार मांग करने पर भी फिर से मांग की गई कि आजादी के लिए जिन लोगों ने बलिदान दिए हैं उनकी वैधानिक सूची तैयार की जाए। इस अवसर पर मुख्य रूप से डीएवी कालेज के प्रेसिडेंट अमन देसवाल, मंदीप सिंह, सुरज संधू, वासु चौहान, नवनीत रोहिला, अमरजीत पूनिया, मोहिल पूनिया, सागर संधू, आकाश शर्मा, रजत, साहिल, आशु, संदीप काजल, संदीप पुनिया, यादवेन्द्र विर्क, श्रीपाल एवं काफी संख्या में युवा साथी मौजूद रहे।