बिजली कर्मचारियों का आरोप, ट्रांसफार्मर रिपेयर वर्कशाप में घोटाले का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। हरियाणा स्टेट इलेक्ट्रीसिटी बोर्ड वर्कर यूनियन ने ट्रांसफार्मर रिपेयर वर्कशाप सब डिवीजन करनाल में गेट मीटिंग की। मीटिंग में एसई पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए गए। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि एसई ने ट्रांसफार्मर रिपेयर के नाम पर करोड़ों रुपए का घोटाला किया है। आरोप है कि संबंधित कंपनी से कमिशन खाकर विभाग को बड़ा नुकसान पहुंचाने का काम किया गया है। कर्मचारियों ने जब एसई की कार्यप्रणाली का विरोध किया तो एसई ने कई जूनियर इंजीनियरों का तबादला कर दिया। इससे कर्मचारियों में भारी रोष है। कर्मचारी ट्रांसफार्मर वर्कशाप एसई धूलकौट अंबाला में 18 दिनों से धरना दे रहे हैं। आरोप है कि एसई ने बिजली निगम के कार्य में बाधा डालने का काम किया है। हरियाणा स्टेट इलेक्ट्रीसिटी बोर्ड वर्कर यूनियन ने इस अधिकारी के खिलाफ सीबीआई जांच की मांग की। मीटिंग में प्रधान सियाराम शर्मा, सचिव चंद्रमोहन, उपप्रधान राजेंद्र चौधरी, तरूण शर्मा, मोहन शर्मा, कुलबीर बूरा जेई, राजकुमार चौधरी, उमेद सिंह मलिक, संदीप मलिक, हरियाणा कर्मचारी महासंघ के जिला प्रधान प्रेम सिंह राणा आदि मौजूद रहे। उधर, एसई ने सभी आरोपों को नकार दिया है।