अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। सड़क सुरक्षा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का जिलेभर में दूसरा चरण संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में कॉलेज के विद्यार्थियों की संख्या नाम मात्र रही। सभी ब्लॉकों में हुई परीक्षा में 6996 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। ये वे विद्यार्थी थे, जिन्होंने प्रथम चरण स्कूल व कॉलेज लेवल की प्रतियोगिता में पहला, दूसरा व तीसरा स्थान हासिल किया था। बता दें स्कूल लेवल की प्रतियोगिता में दो लाख के करीब विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया था। परीक्षा को लेकर स्कूल विद्यार्थियों में काफी उत्साह नजर आया। करनाल ब्लॉक में यह प्रतियोगिता विवेकानंद पब्लिक स्कूल, टैगोर बाल निकेतन स्कूल, राजकीय कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल रेलवे रोड व बस स्टैंड के समीप राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में हुई। इसी प्रकार असंध में डीएवी पब्लिक स्कूल, इंद्री में शहीद उद्धम सीनियर सेकेंडरी स्कूल, घरौंडा में दी सेंचरी स्कूल, नीलोखेड़ी में एसडीएमएन विद्या मंदिर, निसिंग में ब्रह्मानंद स्कूल में यह प्रतियोगिता कराई गई। इस प्रतियोगिता में विजेता विद्यार्थियों को तीसरे चरण की प्रतियोगिता हिस्सा लेंगे। जो ब्लॉक लेवल पर होगी। इसके बाद यह प्रतियोगिता रेंज लेवल पर होगी और फिर प्रदेश स्तरीपर प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।