स्वामी विवेकानंद से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सहयोग करें विद्यार्थी : डॉ. सैनी
अमर उजाला ब्यूरो
करनाल।
डीएवी पीजी कॉलेज में एनएसएस प्रकोष्ठ की ओर से स्वामी विवेकानंद के जन्मदिवस पर राष्ट्रीय युवा दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. रामपाल सैनी ने एनएसएस वॉलंटियर से स्वामी विवेकानंद के जन्मदिवस को संकल्प दिवस के रूप में मनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद में राष्ट्रीय एकता, राष्ट्र भक्ति जैसे गुण थे। इसलिए विद्यार्थियों को भी उनके गुणों को जीवन में आत्मसात करके राष्ट्र निर्माण में सहयोग करना चाहिए। प्राचार्य ने कहा कि स्वामी के जन्मदिवस पर विद्यार्थियों को किसी एक बुराई को दूर कर अच्छाई को आत्मसात करने का संकल्प लेना चाहिए। यही स्वामी विवेकानंद का जन्मदिवस मनाने की सार्थकता होगी। उन्होंने कहा कि 1893 में विवेकानंद ने पूरी दुनिया के धर्मगुरुओं की मौजूदगी में सर्वधर्म सम्मेलन में ओजस्वी व्याख्यान देकर पूरे संसार में काबिलियत का ढंका बजाया था। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। इसलिए युवा पीढ़ी को उनसे प्रेरणा लेकर आगे बढ़ने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अच्छे कार्य करके अपने जीवन को सुनहरा बनाकर राष्ट्र निर्माण में सहयोग देना चाहिए। एनएसएस कार्यक्रम प्रभारी डॉ. मीनाक्षी कुंडू ने स्वयंसेवकों को स्वामी विवेकानंद के जीवन से प्रेरणा लेकर समाज में बदलाव लाने का आह्वान किया। इस मौके पर डॉ. भीम सिंह, डॉ. राजश्री, प्रो. सुलोचना नैन, प्रो. पूनम वर्मा आदि मौजूद रहे।