नहर में कार कुदाने वाला आरोपी दो दिन के पुलिस रिमांड पर
-नहर से मिला बच्ची का शव, पुलिस शिनाख्त में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। यूपी के जिला शामली के गांव चौसाना एक युवक द्वारा परिवार के सदस्यों सहित कार को नहर में कुदाने के मामले में सदर थाना पुलिस ने आरोपी फहजान को कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से मामले के बारे में ओर जानकारी प्राप्त करेगी और अन्य तीन आरोपियों की गिरफ्तारी भी करेगी। वहीं सोमवार को गांव स्टौंडी के पास नहर से पुलिस ने एक बच्ची का शव बरामद किया है। फिलहाल पुलिस शव की शिनाख्त के लिए परिजनों को बुलाएगी। सदर थाना प्रभारी ललित ने बताया कि दो दिन पहले चौसाना निवासी फहजान अपनी दूसरी पत्नी अमीर बानो, बेटी अक्सा व बेटे अबूबकर और साली आमीर फातमा को साथ लेकर ईद के लिए कपड़े और जूते दिलाने के लिए कार में सवार हो कर करनाल आए थे। खरीददारी के बाद वापिस गांव जाते हुए आरोपी फहजान ने कार रावर रोड की ओर मोड ली और गंजोगढ़ी गांव के समीप कार को आवर्धन नहर में कुदा दिया। इसी दौरान वह नहर से बाहर निकल आया और आसपास के लोगों ने उसकी साली को भी निकाल लिया था। जबकि उसकी पत्नी अमीर बानों का शव भी नहर से बरामद हो गया था। पुलिस ने आरोपी फहजान सहित तीन अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था। सोमवार को गांव स्टौंडी के पास नहर से पुलिस ने एक बच्ची का शव बरामद किया है। जिसकी शिनाख्त के लिए जुटी है। वहीं नहर में दूसरे बच्चे की तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपी फहजान को कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे दो दिन के रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान पुलिस उसके तीन अन्य साथियों को गिरफ्तार करेगी और मामले के बारे में पूछताछ करेगी।