जिले में दसवीं और बारहवीं की परीक्षा के लिए बनाए गए 98 केंद्रों पर दो सत्रों में परीक्षा का आयोजन किया गया। पहले दिन सभी जगह परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। बोर्ड की तरफ से चेकिंग कर रहे उड़नदस्ते ने असंध के एक सेंटर से सांय के सत्र में बारहवीं की परीक्षा में नकल करते हुए चार परीक्षार्थियों को पकड़ा है। टीम ने चारों परीक्षार्थियों पर यूएमसी केस बना दिया है। जिले में तीन सब डिवीजनों पर कुल 98 केंद्र बनाए गए थे। सभी जगह दो सत्रों में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड और हरियाणा ओपन स्कूल की परीक्षा आयोजित की गई। सुबह के सत्र में दसवीं कक्षा और सांय के सत्र में बारहवीं की अंग्रेजी की परीक्षा आयोजित की गई। बोर्ड अधीक्षक एवं उड़नदस्ता इंचार्ज कश्मीरी लाल ने बताया कि जिले के सभी सेंटरों पर चेकिंग के लिए टीमें भेजी गई थीं। इसी दौरान टीम ने असंध के गुरु अर्जुन देव स्कूल में चेकिंग के दौरान सांय के सत्र में बारहवीं की अंग्रेजी की परीक्षा में नकल करते हुए चार परीक्षार्थियों को पकड़ा है। टीम की ओर से चारों के खिलाफ यूएमसी बना दिया गया है। उन्होंने बताया कि सभी सेंटरों पर परीक्षा के दौरान निरंतर चेकिंग की जा रही है।