सब्जी केंद्र से हटाए गए कर्मचारी विधायक से मिले
घरौंडा। इंडो-इजराइल के सब्जी उत्कृष्टता केंद्र से कर्मचारियों को हटाने के लिए जारी सूची के मामले मेें कर्मचारी हेफैड के चेयरमैन व विधायक हरविंद्र कल्याण से मिले और अपनी समस्या रखी। विधायक ने कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि किसी के साथ ज्यादती नही होने दी जाएगी और किसी भी कर्मचारी को हटाया नहीं जाएगा। गौरतलब है कि इंडो-इजराइल के कुछ कर्मचारियों को अधिकारियों व ठेकेदार ने नौकरी से बाहर निकालने का मन बना लिया था और एक लिस्ट तैयार कर ली थी, लेकिन कर्मचारियों को जैसे ही इसकी भनक लगी तो ठेकेदार व सीईवी प्रबंधकों के खिलाफ लामबंद हो गए। कर्मचारियों ने मुख्य द्वार पर एकत्रित होकर जमकर बवाल काटते हुए धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया था। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि ठेकेदार सीईवी के अधिकारियों से सांठगांठ कर कमीशन के चक्कर उन्हें काम से हटाकर अपने चेहेतों को लगाना चाहता है। जब ठेकेदार से इस बारे में बात की गई तो उसने न सिर्फ अभ्रद भाषा का इस्तेमाल किया, बल्कि कर्मचारियों को पुलिस से पिटवाने की धमकी भी दी। अपनी समस्या को लेकर सभी कर्मचारी हलका विधायक हरविंद्र कल्याण से मिले और अपनी समस्या रखी। कर्मचारियों ने विधायक के सामने ठेकेदार पर अभद्र भाषा का प्रयोग करने के आरोप भी लगाए। विधायक ने कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि किसी भी कर्मचारी को हटाया नहीं जाएगा। विधायक हरविंद्र कल्याण ने बताया कि सीईवी के लगे कुछ महिला व पुरुष कर्मचारियों को हटाने की बात कही गई थी और ठेकेदार पर भी बदतमीजी का आरोप लगाया था। कर्मचारियों के साथ किसी भी प्रकार की ज्यादती को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और न ही कर्मचारियों को हटने दिया जाएगा।