पत्नी ने पति समेत तीन पर मामी के साथ गैंग रेप का लगाया आरोप, केस दर्ज
-महिला का आरोप पांच घंटे तक थाने में बैठाये रखा, रात को किया पुलिस ने केस दर्ज
करनाल। गांव भूसली की एक विवाहिता ने अपने पति सहित तीन लोगों पर उसकी मामी के साथ गैंगरेप का आरोप लगाया है। आरोप है कि सोमवार को वह कोर्ट में गई थी। ससुराल में उससे मिलने आई मामी घर पर अकेली थी, तभी पति प्रद्युमन के साथ जसबीर व अजय घर में घुस गए। तीनों ने उसकी मामी के साथ गैंगरेप किया। जब वह घर पहुंची तो मामी की हालत खराब थी, उसने तुरंत 100 नंबर पर फोन किया। महिला का आरोप है कि इसके बाद मौके पर पुलिस पहुंची और उन्हें थाने ले गई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि पुलिस ने भी उनकी सुनवाई नहीं की। दोपहर दो बजे से शाम सात बजे तक उन्हें मधुबन थाने में बैठाए रखा। उन्होंने मेडिकल करवाने के लिए बार-बार कहा, लेकिन पांच घंटे तक उनके बयान ही दर्ज नहीं किए गए। आरोप है कि पुलिस अधिकारी करनाल से महिला एसएचओ के आने की बात कहते रहे और उनकी सुनवाई नहीं की। हालांकि, रात को पुलिस ने तीनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। थाना प्रभारी ने कहा कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।