करनाल। सेक्टर 13 में महिला के गले से चेन झपटने वाले दो बदमाशों को पकड़ने वाले युवक को एसपी ने प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। एसपी ने कहा कि उसे कहीं भी पुलिस की जरूरत होगी तो पुलिस हमेशा उसके साथ होगी। बता दें कि 1 जुलाई को सचदेवा अस्पताल के पास से एक महिला पैदल जा रही थी। इसी दौरान पीछे से एक्टिवा पर सवार होकर आए दो युवक महिला के गले से चेन झपटकर फरार हो गए। उसी समय सेक्टर-13 वासी युद्धवीर भी उसी ओर जा रहा था। उसने बदमाशों को देखते ही अपनी बाइक बदमाशों के पीछे दौड़ा दी। इसी दौरान, काफी देर तक बदमाश उसे सेक्टर-13 एक्सटेंशन में चकमा देने का प्रयास करते रहे और एक गली से दूसरी गली में घूमाते रहे। युद्धवीर ने हौसला नहीं छोड़ा और बदमाशों का पीछा करता रहा। जैसे ही स्कूटी सवार दोनों बदमाश सेक्टर-13 से निकलकर मुगल कैनाल की ओर जाने लगे तो इसी दौरान युद्धवीर ने अपनी बहादूरी और समझदारी का परिचय देते हुए स्नैचरों की एक्टीवा को पकड़ लिया। युवक ने एक को एक्टिवा सहित दबोच लिया, जबकि दूसरा भागने में कामयाब रहा। युद्धवीर ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस अधीक्षक जशनदीप सिंह रंधावा ने युद्धवीर सिंह को इस सराहनीय कार्य के लिए प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। युद्धवीर सिंह ने बताया कि 2011 में एक बार पहले भी वह एक स्नैचर को पकड़ कर पुलिस की सहायता कर चुका है। वहीं, पुलिस कप्तान ने युद्धवीर की तारीफ करते हुए कहा कि यदि भविष्य में कभी भी उसे पुलिस की आवश्यकता हुई, तो करनाल पुलिस हर समय उसके सहयोग के लिए तैयार है। -----------------------सोम