‘अध्यापक और अभिभावकों में तालमेल की कमी से भ्रमित हो रहे बच्चे’
अमर उजाला ब्यूरो
करनाल।
डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल मधुबन में अध्यापक, बच्चे और अभिभावकों के बीच विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को लेकर मासिक पैरेंट्स ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि आशा और अजय शर्मा ने कहा कि अध्यापकों और अभिभावकों के बीच सामजस्य की कमी के कारण बच्चे पथ से भ्रमित होने लगते हैं। अक्सर देखने में आया है कि विद्यार्थियों को जिस तरीके से स्कूल में पढ़ाया व सिखाया जाता है। वह माहौल उन्हें उनके गांव या घर में उतना नहीं मिल पाता। इसके चलते बच्चे के मन और मस्तिष्क पर गहरा प्रभाव पढ़ता है। होना यह चाहिए कि स्कूल के अध्यापकों व अभिभावकों के बीच बेहतर तालमेल हो और बच्चे को सही मार्गदर्शन मिले। सही मार्गदर्शन से बच्चे अपने जीवन में सौ फीसदी मुकाम हासिल करेंगे। कार्यक्रम में स्कूल की टीचर्स ने विभिन्न विषयों पर खेल-खेल में बच्चों को कैसे ज्ञान दिया जाता है, इसका प्रस्तुतिकरण दिया। करीब तीन घंटे तक चले कार्यक्रम में बताया गया कि कौन से ऐसे तरीके हैं, जिससे बच्चे कन्फ्यूज न हो। किस तरह से मासूम बच्चों की नींव को मजबूत किया जाए और ऐसे कौन से आसान तरीके हैं, जिससे बच्चे की एकाग्र शक्ति मजबूत हो। इस दौरान प्रिंसिपल अनिता गौत्तम ने कहा कि छात्र न केवल अपने अध्यापकों और स्कूल के वातावरण से सीखता है, बल्कि घर में भी माहौल व माता-पिता से शिक्षा हासिल करता है। बच्चों के मामले में अभिभावकों को हर गंभीर रहते हुए, सभी जरूरी काम करते हुए उनके लिए भी पर्याप्त समय निकालना होगा। उन्होंने कहा कि बच्चों को समय देने से न केवल हम उनकी भावनाओं को समझ सकेंगे, अपितु बच्चे भी हमारे साथ अपनी भावनाएं व्यक्त कर सकेंगे।