बच्चे के अपहरण के आरोपी को भेजा जेल
अमर उजाला ब्यूरो
घरौंडा।
शहर के वार्ड नंबर 9 से मंगलवार दोपहर ढाई साल के बच्चे के अपहरण मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। फिलहाल आरोपी युवक संदीप द्वारा बच्चे को उठाने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। बता दें कि मंगलवार को वार्ड नंबर-9 निवासी मन्नु गांधी का बेटा अरनव घर के गेट के पास खेल रहा था। कुछ समय बाद उसकी दादी ज्ञानो देवी ने बच्चे को गायब देखा। इसके बाद मोहल्ले में अफरातफरी मच गई थी और लोगों ने बच्चे की तलाश शुरू कर दी थी। इसी दौरान मंडी मनीराम गेट के पास दुकानदार ने एक शख्स को देखा, जो बच्चे को चद्दर में लपेटकर ले जा रहा था। दुकानदार को अपहरणकर्ता पर संदेह हुआ और उसने मंडी के गेट पर ही उसको दबोच लिया था और पुलिस के हवाले कर दिया था। पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर आरोपी युवक ने अपना नाम संदीप बताया है। बुधवार को पुलिस ने अपहरणकर्ता गांव स्टौंडी के संदीप को न्यायालय में पेश किया। थाना प्रभारी हरजिंद्र सिंह ने बताया कि अपहरणकर्ता के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया है। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।