भेड़ छीनकर बेचने की नियत से की थी रोशन लाल की हत्या
अमर उजाला ब्यूरो
करनाल।
गांव बड़थल में गांव के ही तीन युवकों द्वारा शुक्रवार को भेड़ चराने गए एक व्यक्ति की पीट पीटकर और गला दबाकर हत्या करने के मामले में पुलिस दो युवकों की तलाश कर रही है। जबकि एक युवक रविंद्र को पुलिस पहले ही गिरफ्तार किया था। पुलिस पूछताछ में आरोपी युवक ने बताया कि उनकी मृतक रोशनलाल से किसी तरह की कोई भी रंजिश नहीं थी। उन्होंने रोशन लाल से भेड़ छीनकर बेचने की नियत से हत्या की थी। पुलिस ने शनिवार को गांव के पास से ही गुजर रही सिरसा ब्रांच नहर के किनारे झाड़ियों से शव बरामद कर पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया था। पुलिस ने वारदात में शामिल युवक रविंद्र को काबू किया था। जबकि उसके दो अन्य साथी गिरफ्तार चल रहे हैं। बुटाना थाना प्रभारी विक्रांत ने बताया कि तीनों युवकों ने मिलकर मृतक रोशनलाल से भेड़ छीनकर बेचने के लिए हत्या कर दी थी और शव को झाड़ियों में फेंककर फरार हो गए थे। पुलिस दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।