मंत्री ने 50 लाख की लागत के विकास कार्यों का किया उद्धाटन
अमर उजाला ब्यूरो
इंद्री।
गांव शाहपुर, रंदौली और डबकौली में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री कर्णदेव कंबोज ने वीरवार को 50 लाख रुपये की लागत से बने आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी, यज्ञशाला और आंगनबाड़ी केंद्र का उद्घाटन किया। गांव शाहपुर में आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी का उद्घाटन करते हुए उन्होंने कहा कि आयुर्वेदिक एक प्राचीन पद्धति है, पद्धति से बढ़िया और सस्ता इलाज होता है। उन्होंने कहा कि आयुर्वेदिक के महत्व को समझते हुए हरियाणा सरकार द्वारा आयुर्वेदिक पद्धति को बढ़ावा देने के लिए गांव स्तर पर डिस्पेंसरी खोलने का निर्णय लिया है और कुरुक्षेत्र में आयुर्वेदिक विश्वविद्यालय की स्थापना करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि इंद्री क्षेत्र के गांवों में तीन डिस्पेंसरी का उद्घाटन किया है। शाहपुर में 12 लाख रुपये की लागत से डिस्पेंसरी और 2 लाख रुपये की राशि से यज्ञशाला का निर्माण करवाया गया। गांव डबकोली में 9 लाख रुपये की लागत और गांव रंदोली में करीब साढ़े 7 लाख रुपये की लागत से आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी का निर्माण हुआ है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा इंद्री क्षेत्र के विकास के लिए जितनी भी घोषणाएं की गई थी, उनमें से अधिकांश पूरी हो चुकी है तथा शेष पर कार्य तेज गति से चल रहा है। इस अवसर पर जिला आयुर्वेदिक अधिकारी सुदेश जटियान, एएमओ डॉ. प्रेम चंद, डॉ. वीरेंद्र मेहरा, डॉ. राजबीर लाग्यान, डॉ. पूजा, डॉ. मीनाक्षी, डॉ. कृष्ण कुमार जटियान, बीडीपीओ राजकुमार, पंचायती राज के एसडीओ गौरव भारद्वाज, शाहपुर सरपंच ममतेश, डबकोली सरपंच रवि शर्मा, रंदोली सरपंच चरणजीत सिंह, मार्केट कमेटी के चेयरमैन इलम सिंह, रणबीर गोयत, कवलजीत मढ़ान, प्रवेश, सुरेंद्र, दिलबाग बतान, बबलू, उधम सिंह, राजेश, अमर सिंह आदि मौजूद रहे।