तरावड़ी। ऐतिहासिक नगरी तरावड़ी के दयाराम मंदिर के पास स्थित रजबाहे की सफाई न होने के कारण एक तरफ जहां आसपास के दुकानदारों के लिए मुसीबत बनी हुई हैं। वहीं आने-जाने वाले लोगों को भी मुंह पर रुमाल बांधकर जाने पर मजबूर होना पड़ रहा है। इस रजबाहे की सफाई न होने के कारण रजबाहे में गंदगी अटी पड़ी हैं। यही नहीं बीती रात भी अज्ञात व्यक्ति रजबाहे में मरे हुए मुर्गों को कट्टे में बंद करके फेंककर चला गया। इससे आसपास की कॉलोनी में बदबू का आलम पैदा हो गया। यहां पर सुबह से लेकर शाम तक बदबू फैली रही। लोगों ने बताया कि रजबाहे में काफी गंदगी अटी पड़ी हैं। इसके कारण यहां पर रहने वाले लोगों का जीना मुहाल हो गया हैं। जब नगरपालिका प्रशासन को इसकी सूचना दी तो वहां से जवाब मिला कि यह काम नहरी विभाग का हैं, लेकिन इधर नहरी विभाग की रजबाहे की तरफ ध्यान नहीं दे रहा हैं। उन्होंने मांग की है कि जल्दी ही रजबाहे की सफाई करवाई जाए, ताकि समस्या से छुटकारा मिल सके।