एक साल में ही टूटी सड़क, शिकायत के बाद शुरू हुई लीपापोती
अमर उजाला ब्यूरो
असंध। क्षेत्र में पिछले दिनों हुई लगातार बरसात के बाद सड़कों की खस्ता हालत से क्षेत्रवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इससे निजात पाने के लिए क्षेत्रवासियों ने असंध करनाल रोड़ को बनाने की मांग की थी। लेकिन लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के आदेश पर स्थानीय कर्मचारियों द्वारा करनाल रोड की जर्जर हो चुकी सड़क पर लीपापोती करते हुए पैच वर्क अर्थात टाकियां लगाई जा रही है । नगर के करनाल रोड की सड़क टूटी होने के कारण सड़क पर दुपहिया वाहन का भी निकलना मुश्किल हो गया है। सड़क पर बड़े बड़े गड्ढे हादसों का सबब बन रहे थे, लेकिन अधिकारी ने सड़क को दुबारा बनाने की बजाय लिपापोती कर काम निकालने की कोशिश कर रहे हैं। क्षेत्र के अजय कपूर, पप्पी, प्रवीन गुलाटी ,राजेश गुप्ता ने सरकार से जर्जर हो चुकी सड़क को नए सिरे से दोबारा बनवाने की मांग करते हुए कहा कि सड़क पर पैच वर्क करने से यह सड़क दो दिनों में ही उखड़ जाएगी जिस कारण लोगों को फिर से परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। इसलिए प्रशासन को यह सड़क दोबारा नए सिरे से बनानी चाहिए। शहरवासियों ने कहा कि प्रशासन द्वारा लगभग एक वर्ष पहले यह सड़क बनवाई थी, लेकिन आलम यह है कि यह सड़क एक बरसात भी नहीं झेल पाई। अगर विभाग ने इसमें बढिया क्वालिटी का प्रयोग किया जाता तो यह सड़क इतनी जल्दी नही टूटती। इस बारे में स्थानीय लोक निर्माण विभाग के कर्मचारी रोशन लाल ने बताया कि फिलहाल टूटी सड़क पर पैच वर्क करने के आदेश दिए है । उन्होंने बताया कि इस सड़क को पिछले वर्ष बनाया गया था परंतु भारी बारिश के चलते सड़क टूट गई है और पैच वर्क होने से स्थानीय लोगों को कुछ राहत अवश्य मिलेगी ।