अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। आरएस पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता करवाई गई। प्रतियोगिता में पूर्व प्राथमिक, प्राथमिक व माध्यमिक स्तर के 250 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। इस प्रकार की रचनात्मक व कलात्मक प्रतियोगिताएं कई वर्षों से स्कूल में आयोजित की जा रही हैं। विभिन्न श्रेणियों के छात्रों ने विविध परिधानों से सुसज्जित होकर अपने वाक कौशल का परिचय देते हुए प्रतिभा को प्रस्तुत किया। सभी प्रतिभागियों ने सामाजिक, साहित्यिक, धार्मिक राजनीतिक, सांस्कृतिक, समसामयिक व ज्वलंत समस्याओं पर कलात्मक परिचय देते हुए दर्शकों को अपनी ओर आकृष्ट किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ स्कूल के प्रबंधक रघुबिन्दर सिंह विर्क ने दीप प्रज्जवलित करके किया। उन्होंने कहा कि बच्चे भावी राष्ट्र के निर्माता होते हैं। इनके चहुंमुखी विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक, सामाजिक, क्रीड़ा व इस प्रकार की रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाता है। इस अवसर पर फैंसी ड्रैस प्रतियोगिता के आयोजन के दौरान वर्ष भर की विभिन्न गतिविधियों में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को विद्यालय के प्रबंधक रघुबिन्दर सिंह विर्क ने पुरस्कार दिए। कार्यक्रम में स्कूल प्रिंसिपल, अध्यापक व अभिभावक मौजूद रहे।