नहर में डूबे छात्र का दूसरे दिन भी नहीं लगा सुराग
अमर उजाला ब्यूरो
घरौंडा।
गांव स्टौंडी में आवर्धन नहर किनारे दौड़ लगाते समय पांव फिसलने से डूबे छात्र प्रवीण का 24 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस और गोताखोर छात्र की तलाश में जुटे है। पुलिस का दावा है कि छात्र को जल्द ही खोज लिया जाएगा। वहीं, हेफैड चेयरमैन एवं विधायक हरविंद्र कल्याण ने घटनास्थल पर परिजनों व ग्रामीणों से मुलाकात की। गौरतलब है कि गांव स्टौंडी निवासी तेजपाल के इकलौता बेटा प्रवीण कुमार सोमवार सुबह साथियों के साथ आवर्धन नहर पर दौड़ लगाने के लिए गया था। बीजना पुल के पास सामने से आ रही बाइक को साइड देने के लिए नहर की तरफ दौड़ने लगा और गहरी धुंध होने के कारण उसका पांव फिसलने से वह नहर में जा गिरा था। इस बारे में सदर थाना प्रभारी मनोज वर्मा ने कहा कि नहर में डूबे छात्र की तलाश में कुरुक्षेत्र से विशेष गोताखोर दल बुलाया गया है। इसके अलावा, मोटरबोट के जरिए भी तलाश की जा रही है। अब तक करीब चार किलोमीटर तक नहर खंगाली जा चुकी है। लेकिन छात्र का कोई सुराग नही लग पाया है। प्रयास जारी है। जल्द ही छात्र को खोज लिया जाएगा।