बिना टाइम टेबल के प्राइवेट बस चलाई तो अड्डे में नहीं घुसने देंगे : यूनियन
करनाल। रोडवेज कर्मचारियों ने प्राइवेट बसों के खिलाफ कड़ा रूख अपनाते हुए चेताया है कि अगर निजी बस चालकों ने बिना टाइम टेबल और अनियमित रूट पर बसें चलाई तो इन बसों को बस अड्डे में घुसने नहीं दिया जाएगा। हरियाणा रोडवेज संयुक्त कर्मचारी संघ ने मीटिंग कर अपना विरोध दर्ज करवाया है। प्रधान कृपाल सिंह लाडी ने कहा कि 2017 के नए परमिट की गाडिय़ों को बस स्टैंड में नहीं घुसने दिया जाएगा। सचिव महिंद्र गौड़ काछवा ने कहा कि बस स्टैंड पर काफी संख्या में बसें बिना कागज, अवैध टाइम टेबल और अनियमित रूट पर चल रही हैं। आरटीए अधिकारी से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद निजी बस चालक मनमानी कर रहे हैं। बस स्टैंड के गेट पर बसें खड़ी करके सवारियां बैठाई जाती है। इससे रोडवेज विभाग को नुकसान हो रहा है। इस मौके पर संघ की केंद्रीय कार्यकारिणी में उपप्रधान रामनिवास शर्मा को पद से हटाने की बात कही गई। रामनिवास पर यूनियन के खिलाफ कार्य करने के आरोप लगाते हुए प्रधान दलबीर सिंह किरमारा से उन्हें पद से हटाने की मांग की। इस अवसर पर एससी यूनियन के प्रधान राजकुमार जंजो, गुरदास सिरोही, संदीप कुमार, हरीश, ओमप्रकाश, प्रवीन कुमार, अनिल बांसा, सतीश सालवन, कर्मबीर, सतीश, भगवंत सिंह, सुनील, अनिल शर्मा व विनोद कुमार आदि मौजूद रहे।