महंत की हत्या मामले में चार गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। जुंडला हथलाना रोड स्थित डेरा बाबा दीवान नाथ के संचालक महंत छोटू नाथ गिरी की हत्या के मामले में पुलिस ने चार दिन बाद चार आरोपियों को काबू किया है, जबकि वारदात का मुख्य आरोपी पकड़ से बाहर है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी को पकड़ने के लिए टीम छापेमारी कर रही है, जल्द ही उसे भी काबू कर लिया जाएगा। गौरतलब है कि 27 जून को महंत छोटू नाथ डेरे पर थे और सुबह उनकी लाश मिली थी। इस दौरान उनके शरीर पर गोली लगी थी और तेज हथियार से भी हमले के निशान मिले थे। पुलिस ने शिकायत के आधार पर बाबा पराशर नाथ समेत अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया था। पुलिस लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही थी। शनिवार को सदर थाना पुलिस ने इस मामले में गांव नरूखेड़ी निवासी रोहित, विक्की व अन्य युवक समेत रोहित निवासी शेखुपुरा को गिरफ्तार किया है। पुलिस चारों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। इस बारे में थाना प्रभारी ललित कुमार का कहना है कि युवकों से पूछताछ की जा रही है। मुख्य आरोपी की तलाश जारी है। हत्या के कारणों के पीछे जमीन विवाद बताया जा रहा है। मुख्य आरोपी की पकड़ के बाद ही हत्या के कारणों का खुलासा हो सकेगा।