कैथल। सर छोटू राम इंडोर स्टेडियम में स्वीप अभियान के तहत मंगलवार को सुबह के समय मैराथन का कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम में सामान्य पर्यवेक्षक वीजे राजपूत ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस मौके पर सामान्य पर्यवेक्षक वीजे राजपूत ने कहा कि युवा स्वयं मतदान करने के साथ-साथ अन्य मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करें। आगामी पांच अक्तूबर को शत-प्रतिशत मतदान करके देश के प्रति अपना कर्तव्य को निभाएं। हम सबको समाज के अंदर शत-प्रतिशत मतदान की अलख जगानी चाहिए।
लोकतंत्र के इस महापर्व में एक-एक मत महत्वपूर्ण है। अपने मत का प्रयोग सोच-समझकर जरूर करें। उन्होंने मैराथन को हरी झंडी दिखा कर किया रवाना। इसमें सैंकड़ों खिलाड़ियों व शहरवासी ने भाग लिया। इसके साथ ही सामान्य पर्यवेक्षक वीजे राजपूत, एडीसी दीपक बाबू लाल करवा, असिस्टेंट कमिश्नर (अंडर ट्रेनी) अंकिता पुवार ने भी मैराथन में दौड़कर लोगों को मतदान के प्रति जागरूक एवं प्रेरित किया।
सामान्य पर्यवेक्षक वीजे राजपूत ने कहा कि मतदान के दिन सभी को बिना किसी डर, भय और प्रलोभन के अपने मत अधिकार का उपयोग करना चाहिए। खिलाड़ियों को खेल के साथ-साथ देश के प्रति लोकतंत्र को ओर अधिक मजबूत करने के लिए चुनावी महापर्व में अपनी भागीदारी निभानी चाहिए। एडीसी एवं स्वीप अभियान के नोडल अधिकारी दीपक बाबू लाल करवा ने कहा कि लोगों को मतदान के दिन को एक पर्व के रूप में मनाना चाहिए और अपनी सकारात्मक भागीदारी सुनिश्चित करते हुए शत-प्रतिशत मतदान करना चाहिए।
घर के कामों को छोड़कर सबसे पहले सभी को मतदान करके लोकतंत्र की मजबूती के लिए अपने फर्ज को निभाना चाहिए। जिला प्रशासन चुनाव को निष्पक्ष व शांति पूर्वक करवाने के लिए कृत संकल्प है। मतदाताओं की सुविधा के लिए हेल्प लाइन नंबर 1950 जारी किया गया है, जिस पर मतदाता अपने मत से संबंधित कोई भी जानकारी प्राप्त कर सकता है।
असिस्टेंट कमिश्नर (अंडर ट्रेनी) अंकिता पुवार ने कहा कि मतदान करके लोकतंत्र की मजबूती के लिए अपने फर्ज को निभाना चाहिए। भारत के संविधान की सबसे बड़ी विशेषता है कि इसमें सभी को वोट डालने का अधिकार है। पुरुषों के साथ-साथ महिलाओं को शत-प्रतिशत मतदान करना चाहिए। इस मौके पर डीडीपीओ कंवर धमन, जिला खेल अधिकारी राजरानी, नेहरू युवा केंद्र से दीक्षा मिश्रा, कोच देवेंद्र, गुरमीत, प्रशांत, राजेश, जोगिंद्र, रोहताश, सुंदरदत्त, सुरेंद्र, सैलेश, अनिल, राजकुमार, अमरजीत, कर्मवीर, विजय, रीटा, उशा, पिंकी, गीता सहित शिक्षा विभाग व अन्य विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
प्रथम व द्वितीय स्थान पर आने वाल खिलाडि़यों को किया सम्मानित
मैराथन में प्रथम व द्वितीय स्थान पर आने वाले पुरुष एवं महिला खिलाड़ियों को नकद ईमान व स्वीप स्मृति देकर सम्मानित किया गया। लड़कों में अंकुश प्रथम और लक्की द्वितीय स्थान पर रहे। वहीं, गर्ल्स खिलाड़ियों में जन्नत पहले और निष्ठा को दूसरे स्थान पर रही। मैराथन को सफल बनाने में खेल विभाग, शिक्षा विभाग और नेहरू युवा केंद्र सहित अन्य विभागों का अहम योगदान रहा।