कैथल। बैंक का बकाया ऋण ओटीएस (एकमुश्त निपटान) योजना के तहत चुकाने पर चेक बाउंस मामले में दोषी करार व्यक्ति को अदालत से राहत मिली है। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश डॉ. नंदिता कौशिक की अदालत ने आरोपी की अपील स्वीकार करते हुए उसकी दोषसिद्धि और सजा का आदेश रद्द कर उसे बरी कर दिया।
आरोपी प्रताप सिंह ने ओटीएस (एकमुश्त निपटान) योजना के तहत बैंक की बकाया राशि जमा करवा दी। कलायत के गांव कैलरम निवासी प्रताप सिंह ने 7 जनवरी 2013 को सरस्वती हरियाणा ग्रामीण बैंक की बाबा लदाना शाखा से आवास बोर्ड हरियाणा की ईएमडी योजना के तहत 39 हजार रुपये का ऋण लिया था।
4 मार्च 2019 तक ब्याज और अन्य खर्च मिलाकर बकाया राशि 93,049 रुपये हो गई थी। भुगतान के लिए दिए गए चेक के 13 मार्च 2019 को खाते में पर्याप्त राशि नहीं होने के कारण बाउंस हो गया।
बैंक ने 1 अप्रैल 2019 को कानूनी नोटिस भेजा लेकिन भुगतान नहीं होने पर अदालत में शिकायत दर्ज करवाई। न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी की अदालत ने 20 नवंबर 2025 को प्रताप सिंह को दोषी करार दिया था। उसे एक माह की साधारण कैद और 95 हजार रुपये मुआवजे की सजा सुनाई गई थी।
प्रताप सिंह ने फैसले के खिलाफ सत्र अदालत में अपील की। उसने बताया कि रिश्तेदारों से पैसे उधार लेकर ओटीएस योजना के तहत बैंक का बकाया चुका दिया है। बैंक प्रबंधक राहुल कंडोला ने भी भुगतान की पुष्टि की।