संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जाट आईटीआई में बुधवार को विश्व उद्यमिता दिवस पर निबंध लेखन, पोस्टर मेकिंग और स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी रचनात्मकता, नवाचार और सकारात्मक सोच का प्रदर्शन किया।
प्रधानाचार्य कुलदीप गोपरा ने कहा कि युवा केवल नौकरी पाने वाले न बनें, बल्कि रोजगार देने वाले बनें। उन्होंने बताया कि भारत सरकार की ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘स्टार्ट-अप इंडिया’ योजनाएं युवाओं को उद्यमिता की दिशा में प्रेरित कर रही हैं। यदि विद्यार्थी इन योजनाओं का लाभ उठाएं तो वे स्वयं भी सशक्त होंगे और समाज व राष्ट्र की प्रगति में योगदान देंगे। उन्होंने कहा कि जिस देश का युवा सशक्त और उद्यमी होगा, वही देश भविष्य में विश्वगुरु कहलाएगा।
मुख्य अतिथि जाट हाई स्कूल समिति के प्रधान राजकुमार बेनीवाल, उप-प्रधान बलजिंदर बनवाला, महासचिव एडवोकेट रश्मि ढुल व कोषाध्यक्ष बलकार नैन ने विद्यार्थियों को उद्यमिता की महत्ता, नवाचार की शक्ति और स्टार्ट-अप संस्कृति से अवगत कराया। उन्होंने युवाओं को भविष्य की चुनौतियों को अवसर में बदलने के लिए प्रेरित किया और आईटीआई की इस पहल की सराहना की।
प्रतियोगिता में एचएसआई ट्रेड से सुनील कुमार प्रथम, इलेक्ट्रीशियन ट्रेड प्रथम वर्ष से विशु द्वितीय और सुमित तृतीय स्थान पर रहे। निर्णायक मंडल में सतबीर चहल, कुलदीप सिंह, दर्शन सिंह, रविंदर ढुल व सुमन राविश शामिल रहे।
इस अवसर पर हंसराज मलिक, महिपाल, विक्रम, राजेश, विकास, दीपक, अजय, धर्मवीर, धर्मेंद्र व राकेश आदि मौजूद रहे।