संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। नेशनल हाईवे पर स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में समाज सेवा और भविष्य कौशल पर केंद्रित सफल पखवाड़े का शुक्रवार को समापन हुआ। इसके तहत युवाओं ने सामाजिक और व्यावसायिक कौशल को सीखा।
प्रधानाचार्य भूपेंद्र पाल सिंह ने बताया कि इस पखवाड़े में विद्यार्थियों की सहभागिता से विभिन्न रचनात्मक और सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। 17 सितंबर से शुरू होकर 2 नवंबर तक चले इस सेवा पखवाड़ा के दौरान विचार गोष्ठियां, निबंध लेखन, पेंटिंग प्रतियोगिताएं, पौधारोपण, नशा मुक्ति अभियान, लोक सामूहिक गान और ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इसके अतिरिक्त मेधावी छात्रों को टूल किट वितरित की गई और विभिन्न क्षेत्रों की महत्वपूर्ण जानकारी भी दी गई। प्राचार्य सिंह ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में समाज सेवा की भावना को प्रबल करना और उनके व्यावसायिक कौशल को विकसित करना है। विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को न केवल सीखने के अवसर मिले, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति उनकी सोच भी विकसित हुई।
सेवा पखवाड़ा के आयोजन में कई विशिष्ट अतिथियों ने समय-समय पर शिरकत कर विद्यार्थियों को मार्गदर्शन प्रदान किया। आयोजन में विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी यह दर्शाती है कि युवा पीढ़ी समाज के प्रति जागरूक हो रही है और अपने कौशल को बेहतर बनाने के लिए तत्पर है।