संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। गांव टयोंठा में सडक़ पर पैदल जा रहे करीब 25 वर्षीय युवक को कार चालक ने टक्कर मार दी। इससे युवक की मौत हो गई। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
गांव टयोंठा निवासी सतपाल ने पूंडरी थाना में शिकायत दी कि चार जून को रात करीब 10 बजे वह और उसका बेटा गौरव गांव टयोंठा से पैदल हाबड़ी चौंक की तरफ सड़क किनारे कच्चे रास्ते से जा रहे थे। उसी समय करनाल की ओर से एक कार चालक ने गौरव कुमार को टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। कार चालक ने अपना नाम आसीफ बताया जो गंगोह मोहल्ला गुलाम औलिया जिला सहारनपुर यूपी का रहने वाला था। वह कार छोड़कर मौके से भाग गया। गांव के काफी लोग दौडक़र मौके पर आए। वे गौरव कुमार को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल कैथल लेकर गए, जहां ज्यादा चोटों के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जांच अधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।