कैथल। जाट कॉलेज कैथल में एक विशेष सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डीएसपी यातायात सुशील प्रकाश, ट्रैफिक थाना प्रभारी इंस्पेक्टर नरेश कुमार और उनकी टीम विशेष रूप से मौजूद रही। अपने संबोधन में डीएसपी ने कहा कि युवा वर्ग समाज में बदलाव का सबसे बड़ा माध्यम है, इसलिए उन्हें ट्रैफिक अनुशासन का उदाहरण बनना चाहिए। डीएसपी सुशील प्रकाश ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाएं लापरवाही और नियमों की अनदेखी के कारण होती हैं। यदि हर व्यक्ति ट्रैफिक नियमों का पालन करे तो दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग करें, ओवरस्पीडिंग और नशे की हालत में वाहन चलाने से बचें तथा ट्रैफिक सिग्नल और नियमों का पालन करें।डीएसपी ने यह भी सलाह दी कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें और सड़क पर हमेशा सतर्क रहें। इस अवसर पर रेडक्रॉस सोसाइटी कैथल से डॉ. बीरबल ने विद्यार्थियों को प्राथमिक उपचार के महत्व के बारे में जानकारी दी। संवाद