मालखेड़ी गांव के एक युवक ने तीन लोगों पर उसे प्रताड़ित करने का आरोप लगा पहले वीडियो बनाई और फिर कीटनाशक पीकर आत्महत्या कर ली। मरने से पहले बनाई गई वीडियो में युवक ने एक महिला समेत तीन लोगों को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया है। इस मामले में युवक ने नया बस स्टैंड के पीछे ग्योंग गांव के मार्ग पर खाली पड़ी सुनसान जगह पर आत्महत्या की। जब वहां से गुजर रहे लोगों ने उसका शव पड़ा देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मालखेड़ी गांव निवासी 28 वर्षीय युवक विक्रम ने कीटनाशक पीकर आत्महत्या की है। युवक की मौत की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। मौके से मिले मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेजों के आधार पर मृतक की पहचान की। पुलिस ने मौके पर सभी आवश्यक कार्रवाई करने के बाद शव को जिला नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के लिए भेजा।
उधर, परिजनों के बयानों के आधार पर पुलिस ने तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। इनमें एक फौजी भी शामिल है, जिस पर युवक ने आत्महत्या से पहले अपनी बहन से दुष्कर्म की शिकायत थाने में दिलवाने का आरोप लगाया था।
38 सेकेंड की वीडियो में यह बोलो मृतक
फौजी है, नन्हा फौजी है कैलरम का। सुमन है और एक शुभम है कैथल का। तीनों ने मेरी जिंदगी खराब कर रखी है। नन्हा फौजी ने अपनी बहन को कहकर कभी रेप की शिकायत दिलवा रहा है, कभी कोई शिकायत दिलवा रहा है। मेरी दो एप्लिकेशन रेप की अपनी बहन से दिलवा दी।
मेरी मौत कारण ये तीनों ही है
आज जो मैं मरने लग रहा हूं, इसका कारण भी सिर्फ यही है। नन्हा, सुमन और शुभम ही मेरी मौत की वजह है, और कोई नहीं है। मैंने पहले भी मरने की कोशिश की थी, लेकिन तब भी मैंने ये ही सोचा कि क्यों इनका नाम लिया। लेकिन अब जो भी है, इनकी ही वजह से है। वहीं, 10 सेकेंड की वीडियो में फौजी के नाम का ललकारा देकर उसने जहर पी लिया।
मृतक विक्रम के भाई प्रदीप ने कहा कि वह मालखेड़ी का निवासी है। मेरा भाई एक महीने से डिप्रेशन में चल रहा था। न घर वालों को कुछ बात बता रहा था और न ही बाहर वालों को। उसको ब्लैकमेल किया जा रहा था। तीन लोगों के नाम लिए हैं उसने। जिसमें एक महिला और दो पुरुष हैं। ब्लैकमेल किस चीज के लिए कर रहे थे, इस बारे में अभी पता नहीं लगा है। हमको किसी अज्ञात व्यक्ति का फोन आया कि और घटना के बारे में बताया।
चाचा संदीप ने बताया कि उसके भतीजे ने वीडियो में तीन लोगों के नाम ले रखे हैं। एक सुमन है, एक उसका भाई है नन्हा फौजी और एक शुभम है कैथल से। वे उसको एक महीने से परेशान कर रहे थे। इसी के कारण उसने जहर खाकर अपनी जान दी है। विक्रम कंप्यूटर ऑपरेटर का काम करता था। वह प्राइवेट काम करता था। उसने बस स्टैंड के पास जंगलात में सुसाइड किया। उसने वीडियो बनाया है और उसमें तीनों के नाम ले रहा है। मामले में सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
सिविल लाइन थाना प्रभारी सुरेश कुमार ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं। तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है। आरोपियों को जांच में शामिल कर आगामी कार्रवाई की जाएगी।